जमुई A1: जमुई जिले में खैरा-सोनो मुख्य मार्ग पर BRC स्कूल के पास मंगलवार रात 1:30 बजे एक ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सोनो थाना क्षेत्र के बंदरमारा गांव निवासी केशो यादव का 20 वर्षीय पुत्र इंद्रदेव कुमार एवं मुंगेर जिले के कारीकोल निवासी 24 वर्षीय विनोद चौधरी के रूप में हुई है।
बता दें कि इंद्रदेव अपने मामा के घर गौरवा मटियाना में रहता था, वहीं विनोद का ससुराल जमुई जिले के सोनो प्रखंड के पैरा मटियाना गांव में था। दोनों दोस्त मंगलवार को पूजा समारोह में शामिल होने कागेश्वर गांव गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। ट्रक का टायर इंद्रदेव के सिर पर चढ़ गया तथा विनोद भी उसी ट्रक की चपेट में आ गया था। इंद्रदेव की शादी 30 मई को महज 11 दिन पहले सोनो प्रखंड के तरोन गांव की युवती से हुई थी।
सोनो थाने की पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर बुधवार की सुबह पोस्टमॉर्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया तथा मामले की जांच में जुट गई है।

