जमुई A1 : जमुई जिले के बरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की सुबह लगभग 6 बजे खादीग्राम गांव चौक के पास एक दर्दनाक हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सरोजनी देवी घर के बाहर रोजमर्रा के काम में व्यस्त थीं, तभी तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। मृतका की पहचान दिवाकर कुमार यादव की पत्नी 40 वर्षीय पत्नी सरोजनी देवी की रूप में हुई है। मृतका के दो लड़के व एक लड़की है।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पकड़कर एक घर के अंदर बंद कर बंधक बना लिया। वहीं, मृतका के शव को सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने जाम कर दिया और प्रशासन से मुआवजे और कठोर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए । इस दौरान दो घंटे तक सड़क जाम रही।
स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि हाईवा चालक मोहम्मद मुस्तकीन दुर्घटना के समय ट्रक में गहरी नींद में था। उसे यह तक एहसास नहीं हुआ कि गाड़ी किसी महिला को कुचलकर आगे बढ़ गई। ट्रक जमुई के खैरा डंपिंग से बालू लेकर नवगछिया की ओर जा रहा था।
सूचना मिलते ही तीन थाने की पुलिस लक्ष्मीपुर, बरहट और मलयपूर पुलिस के साथ अंचलाधिकारी और बीडीओ घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए।
प्रशासन ने मृतका के परिवार को मुआवजे का आश्वासन देने के बाद सड़क जाम को हटाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक और चालक को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है।

