in
- बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करों की हिम्मत कम होती नजर नहीं आ रही है। जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली जब एक तेल टैंकर में छुपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में विदेशी शराब जब्त की गई। इस कार्रवाई में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। टैंकर से कुल 900 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान बेगूसराय जिले के पहशरा थाना क्षेत्र के नावकोठी गांव निवासी सोहन कुमार (पुत्र सुरेश सिंह, उम्र 25 वर्ष) और गौरव कुमार (पुत्र खोखर यादव, उम्र 21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों तस्कर झारखंड से शराब की बड़ी खेप लेकर लखीसराय की ओर जा रहे थे।
जमुई के एसपी मदन कुमार आनंद को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड-बिहार सीमा के पास से एक तेल टैंकर में भारी मात्रा में विदेशी शराब ले जाई जा रही है। इस सूचना के आधार पर गरीब थाना अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार, पुअनि नीतीश कुमार एवं गरही थाना के सशस्त्र बलों की टीम ने रोपावेल के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध तेल टैंकर को रोका गया और जब उसके अंदर जांच की गई तो उसमें छुपाकर रखे गए 900 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे पहले भी इसी तरह से तेल टैंकर का इस्तेमाल कर शराब की तस्करी कर चुके हैं, जिससे पुलिस को शक न हो। उनका उद्देश्य शराबबंदी वाले बिहार में भारी मुनाफा कमाना था।
इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस शराब तस्करी पर नकेल कसने के लिए पूरी तरह सक्रिय है और अब तस्करों को नए-नए तरीके अपनाने के बावजूद पकड़ में आने से नहीं बचाया जा सकता। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।
जमुई से संतोष की रिपोर्ट

