जमुई A1 : जमुई जिले में सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-333A पर बलथर पुल के पास शुक्रवार की सुबह एक तेज रफ्तार बाइक एवं मैजिक वाहन की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार के सात सदस्यों सहित कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सदर अस्पताल जमुई पहुंचाया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मैजिक वाहन पलट गया।
सडक दुर्घटना में बाइक सवार सत्यम कुमार (19 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। फिलहाल, घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। सत्यम केवाली गांव का निवासी है।
मैजिक वाहन में खैरा थाना क्षेत्र के मांगोबंदर गांव के एक ही परिवार के सात लोग सवार थे, जो बटिया स्थित झुमराज स्थान में मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। घायलों की पहचान लवली कुमारी (29), मंजू देवी (50), सोहम कुमार (5), पिंकी देवी (35), अंजू देवी (60), मीरा देवी (62) और बृजबाला देवी (62) के रूप में हुई।
सडक हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

