जमुई A1 : जमुई जिले के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सौनैया गांव के गादी धानवे पहाड़ के पास से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान धानवे गांव का राजू कुमार और उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सिकंदरपुर का सत्यम चौहान के रूप में हुई हैं। बताया गया कि दोनों के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
झाझा SDPO राजेश कुमार द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया गया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो हथियारबंद अपराधी कोई बड़ी घटना करने की योजना बना रहे हैं। इस पर चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया।
दोनों अपराधी पुलिस को देखकर भागने लगे थे, लेकिन सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में सत्यम चौहान के पास से लोडेड देसी कट्टा और राजू कुमार के पास से एक कारतूस मिला। पूछताछ में दोनों ने कई अहम जानकारियां दी हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

