जमुई A1 : जमुई जिले में बरहट प्रखंड अंतर्गत कटौना मोड़ के पास गुरुवार की सुबह पुलिस ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी सूरज झा चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र के केंदुआडीह गांव का है।
बताया जा रहा है कि सूरज कई महीनों से डिलीवरी बॉय बनकर शराब की तस्करी कर रहा था। वह झारखंड के देवघर से शराब लाकर जमुई में होम डिलीवरी करता था। गुरुवार की सुबह भी वह झाझा बस स्टैंड पर किसी को शराब की डिलीवरी करने जा रहा था। मलयपुर थाने की पुलिस गश्त के दौरान कटौना मोड़ पर मौजूद थी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा तब पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ा। डिलीवरी बॉक्स की जांच में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
मलयपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि आरोपी के कई सहयोगी भी हैं, उनकी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। जिले में शराब की होम डिलीवरी बड़े पैमाने पर हो रही है। तस्कर स्कूल-कॉलेज के छात्रों को भी इस धंधे में शामिल कर रहे हैं। छात्रों के बैग में किताबों की जगह शराब रखकर डिलीवरी कराई जा रही है।

