जमुई A1: जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगटी विशनपुर गांव में मंगलवार की देर शाम जमीन विवाद में वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गंगटी विशनपुर निवासी 72 वर्षीय आनंदी मोदी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही खैरा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया जाता है कि मृतक आनंदी मोदी देर शाम अपने घर में अकेले थे। इसी दौरान दो की संख्या में आए बदमाशों ने आनंदी मोदी को घर से बाहर निकलने को कहा। जैसे ही आनंदी घर से बाहर निकले, अपराधियों ने नजदीक से उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद मौके पर ही आनंदी मोदी की मौत हो गई।
थानाध्यक्ष द्वारा बताया गया कि मंगलवार की देर शाम खैरा थाना क्षेत्र से आनंदी मोदी की हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक के बेटे को इसकी सूचना दे दी गई है। जमुई पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस घटना में शामिल दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।

