जमुई A1 : जमुई जिला के चकाई प्रखंड अंतर्गत बुधवार की दोपहर चकाई-देवघर मुख्य मार्ग पर असहना मोड़ के पास सड़क हादसा में एक युवती की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान पिपरा पघार ग्राम निवासी श्यामसुंदर दास की 20 साल की बेटी रिशु कुमारी के रूप में हुई है। घायल युवक चौंफलवा निवासी अभिषेक दास है।
जानकारी के अनुसार अभिषेक अपनी बहन रिशु को चौंफलवा से पिपरा पघार गांव छोड़ने जा रहा था। असहना मोड़ के पास देवघर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रिशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे अभिषेक को गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल अभिषेक को पहले चकाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देवघर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चंद्रमंडीह थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

