जमुई A1: जमुई जिले के बारहट प्रखंड में मलयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरस्वती प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे एक ट्रैक्टर सुगिया टांड़ गांव के पास पलट गया। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृत युवकों की पहचान भजौर ग्राम निवासी छेदी पासवान का 27 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार, कामू यादव के पुत्र लिटो यादव एवं सुनील तांती के पुत्र प्रकाश कुमार तांती के रूप में हुई है। घायलों में सागर तांती, अजीत तांती, सूरज कुमार पासवान और नरसौता निवासी सकलदीप यादव शामिल हैं।
घायल की मां द्वारा बताया गया कि दुर्घटना के बाद करीब आधे घंटे तक सभी युवक ट्रैक्टर के इंजन एवं ट्रेलर (डाला) के नीचे दबे रहे। मलयपुर थाना पुलिस तथा आस-पास के लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल जमुई सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर मृत्युंजय कुमार ने जांच के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज (PMCH) रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार सभी युवक बुधवार की रात बरहट प्रखंड के आजन नदी में सरस्वती प्रतिमा का विसर्जन करने गए थे। लौटने के क्रम ट्रैक्टर की गति तेज होने के कारण सुगिया टांड़ के पास ट्रैक्टर पलट गई। जिसके नीचे दबने से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार युवक घायल हो गया। जिसमें अजीत तांती, सूरज कुमार पासवान और सकलदीप यादव को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
मलयपुर थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया की सरस्वती प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहा ट्रैक्टर पलट गई थी। जिस पर सवार तीन युवक की मौत हो गई। जबकि चार युवक घायल हो गया, ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

