जमुई A1: जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत खैरा-सोनो मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह सवाखन गांव के पास एक तेज रफ्तार कार का टायर फटने से बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। इस सड़क दुर्घटना में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में बरबीघा निवासी शिक्षक एवं सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत कुमार, भारतीय सर्वोदय आश्रम के अध्यक्ष चंद्रिका सिंह, सर्वोदय विद्या विहार के निदेशक विमलेश झा, तथा आश्रम के संचालक शामिल हैं। रंजीत कुमार ने बताया कि सभी लोग वैशाली जिले में शिक्षा विभाग के एक कार्यक्रम में भाग लेकर लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल जमुई लाया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उचित इलाज नहीं मिला, जिसके कारण बाहर से निजी चिकित्सक को बुलाना पड़ा। चिकित्सक डॉ. देवेंद्र कुमार ने बताया कि एक शिक्षक की हालत नाजुक है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
खैरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह द्वारा बताया गया कि प्रारंभिक जांच में टायर फटने के कारण वाहन के असंतुलित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

