जमुई A1 : जमुई जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत बुधवार की सुबह दहियारी गांव में कुएं से 25 साल के एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान डब्लू यादव के रूप में की गई। वह 25 जनवरी की शाम से लापता था।
मृतक की मां राधा देवी ने गांव के दो लोग बासुकी यादव और बलराम यादव पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटे की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। घटनास्थल मृतक के घर से मात्र 500 मी० की दूरी पर है। परिजनों का कहना है कि लापता होने के बाद उनकी बेटे से मोबाइल पर बात भी हुई थी और उसे घर लौटने को कहा था।
बटिया थाना अध्यक्ष देवेंद्र नारायण सिंह के अनुसार, मृतक बाहर रहकर मजदूरी करता था और मां से नाराज होकर घर से निकला था। मालूम हो कि परिजनों ने युवक के लापता होने की सूचना पुलिस को नहीं दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

