जमुई A1 : जमुई जिला खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को देर रात अंबातरी गांव में मोबाइल हेडफोन के विवाद में एक भाई ने अपने ही सगे भाई की कुल्हाड़ी से मार कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान डिगन मांझी के 28 वर्षीय पुत्र इंद्रदेव मांझी के रूप में हुई है। हत्या का आरोप मृतक के मझले भाई सुधीर मांझी पर लगा है। घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था।
ग्रामीणों के अनुसार, मोबाइल हेडफोन को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गई।
बुधवार सुबह इस घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने खैरा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
खैरा थाना अध्यक्ष मिंटू सिंह ने बताया कि यह घटना मामूली विवाद के कारण हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

