जमुई A1 : जमुई जिले में विभिन्न केंद्रों पर इंटर परीक्षा के पहले दिन ही कड़े नियमों के कारण विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। परीक्षा केंद्रों पर मात्र 2.5 मिनट की देरी से पहुंचने वाले दर्जनों छात्र-छात्राओं को परीक्षा से वंचित कर दिया गया।
खैरा से आई छात्रा साइना प्रवीण प्लस टू गर्ल्स हाई स्कूल, परीक्षा केंद्र से 2 मिनट की देरी होने से बाहर निकाले जाने के बाद बेहोश होकर गिर पड़ी। छात्रा ने होश में आने पर बताया कि वह कई महीनों से परीक्षा की तैयारी कर रही थी, लेकिन सड़क जाम के कारण देरी से पहुंची और उसे प्रवेश नहीं दिया गया।
एक अन्य छात्रा पूजा कुमारी द्वारा बताया गया कि वह सुबह 9:02 बजे गेट पर पहुंची थी, लेकिन खैरा से आने में जाम की समस्या के कारण हुई 2.3 मिनट की देरी के लिए उसे भी परीक्षा से वंचित कर दिया गया। यही स्थिति खैरा हाई स्कूल और बरहट प्रखंड के मलयपुर स्थित प्लस टू कृत्यानंद उत्क्रमित उच्च विद्यालय में भी देखी गई। जहां कई छात्र-छात्राएं समय पर नहीं पहुंचने के कारण परीक्षा नहीं दे पाए। सभी केंद्रों पर छात्र-छात्राएं रोते-बिलखते और अधिकारियों से गुहार लगाते दिखे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
जिला शिक्षा पदाधिकारी राजेश कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि 5 मिनट तो दूर, 30 सेकेंड की देरी पर भी छात्रों को परीक्षा से बाहर किया जाएगा। इस कड़े नियम से जहां प्रशासन अनुशासन बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, वहीं छात्रों के भविष्य पर इसका गंभीर असर पड़ रहा है। 9 बजे तक हर हाल में परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना है उसके बाद कोई उपाय नहीं है। वहीं परीक्षा से वंचित छात्रों ने एक आवेदन लिखकर सोशल मीडिया के माध्यम से शिक्षा पदाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।

