जमुई, 30 जनवरी 2025: पोक्सो एक्ट के तहत वांछित एक आरोपी को जमुई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी खैरा थाना क्षेत्र के कचहरी चौक से की गई। आरोपी का नाम अभिषेक कुमार उर्फ जलधार है, जो खुटौना गांव का रहने वाला है और खैरा थाना कांड संख्या 37/19 में वांछित था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और न्यायालय से बार-बार नोटिस जारी होने के बावजूद उसने कोर्ट में पेशी नहीं दी थी। इसके कारण एडीजे 7 कोर्ट ने उसके खिलाफ कुर्की वारंट जारी कर दिया था।
गुरुवार को खैरा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कचहरी चौक के पास आने वाला है। इस पर खैरा थाना के सब इंस्पेक्टर विद्यरंजन ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सादे कपड़ों में आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को दौड़ते हुए पकड़ लिया और उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर विद्यरंजन ने अपनी त्वरित प्रतिक्रिया और फुर्ती का परिचय दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है और इसके अलावा जेजेबी कोर्ट में भी एक अन्य मामला लंबित है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने ले आई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जमुई से संतोष की रिपोर्ट

