जमुई A1 : जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग पर सड़क हादसे में मंगलवार रात एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय विपिन कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार विपिन अपने दोस्त ललन कुमार के साथ बेंगलुरु से आ रहे अपने भाई को जमुई रेलवे स्टेशन से लेने जा रहा था। रास्ते में एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में विपिन की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। उनके दोस्त ललन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
मृतक के छोटे भाई सनोज कुमार ने बताया कि विपिन की शादी 2018 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं – एक बेटा और एक बेटी। सनोज बेंगलुरु में काम करता है और होली के लिए जन शताब्दी एक्सप्रेस से घर लौट रहा था।
सनोज ने बताया कि जब ट्रेन स्टेशन पहुंची, तो उसने भाई को फोन किया। विपिन ने कहा कि वह 5 मिनट में पहुंच जाएगा। काफी देर बाद जमुई पुलिस ने विपिन के फोन से सूचना दी कि वह दुर्घटना में घायल हो गए हैं।
टाउन थानाध्यक्ष अरुण कुमार के अनुसार, पुलिस ने बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

