जमुई A1: जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की सुबह मांगोबंदर के पांडेयटोला के समीप एक पिकअप वाहन एवं बाइक की आमने-सामने टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पिकअप वाहन पर मुर्गा लदा हुआ था और वह जमुई की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार किसी निजी काम से गिद्धौर की ओर जा रहा था।
घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय झुंडो गांव निवासी छोटू कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद पिकअप गाड़ी को लोगों ने पकड़ लिया जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना खैरा थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे पटना रेफर कर दिया। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।

