जमुई A1 : जमुई सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार देर रात गरसंडा पंचायत के मुखिया अशोक पासवान पर एक युवक से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि मुखिया ने शराब के नशे में युवक की पिटाई की। घायल युवक सनोज कुमार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गरसंडा निवासी सनोज कुमार अपने पिता विनोद रजक को बुलाने मुखिया अशोक पासवान के घर गए थे। विनोद रजक कथित तौर पर मुखिया के घर पर शराब पी रहे थे। जब सनोज अपने पिता की साइकिल लेकर लौटने लगे, तो मुखिया अशोक पासवान और उनके सहयोगियों ने सनोज कुमार की पिटाई कर दी। मारपीट में सनोज घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल सनोज कुमार ने बताया कि मुखिया अशोक पासवान शराब के नशे में थे। उन्होंने और उनके साथियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा और जान से मारने की धमकी दी। सनोज ने पुलिस को घटना की जानकारी देने की बात कही है।
वहीं, मुखिया अशोक पासवान ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि शराब पीने का कोई सबूत नहीं है और उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

