जमुई A1: जमुई में गुरुवार की देर रात पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर झाझा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में छापेमारी कर झाझा थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव से कुख्यात नक्सली और पूर्व एरिया कमांडर नरेश रविदास उर्फ पाताल रविदास को गिरफ्तार किया गया।
नरेश रविदास वही नक्सली है, जो वर्ष 2005 में मुंगेर के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक के.सी. सुरेंद्र बाबू सहित कुल छह पुलिसकर्मी एवं 2008 में बांका जिले के बेलहर में तत्कालीन मुखिया समेत पांच लोगों की हत्या में शामिल रहा है। इसके खिलाफ खड़गपुर थाना कांड संख्या-04/05 और बौंसी थाना कांड संख्या-78/09 के तहत हत्या, षड्यंत्र, CLA एक्ट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं।
झाझा SDPO राजेश कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जे.बी.जोन के कुख्यात नक्सली बांका क्षेत्र के पूर्व नक्सली कमांडर नरेश रविदास उर्फ पाताल की गिरफ्तारी हुई है।
बता दें कि देर रात जमुई SP को गुप्त सूचना मिली थी कि बांका जिले में नक्सली गतिविधि को चलाने वाले कुख्यात नक्सली पूर्व एरिया कमांडर नरेश रविदास उर्फ पाताल झाझा के तेलियाडीह घर के पास आया हुआ है, पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए नरेश रविदास को गिरफ्तार कर लिया।

