जमुई A1: जमुई जिले के बारहट प्रखंड अंतर्गत पाड़ों बहिरा टोला में रविवार की सुबह करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। युवक बिजली के तार में फंसे मवेशी को बचाने की कोशिश में झुलस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान निरंजन सिंह का पुत्र 18 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है।
मृतक के पिता निरंजन सिंह द्वारा बताया गया कि उनके बेटे को यह पता नहीं चला कि तार में बिजली का प्रवाह हो रहा है। उन्होंने सूखी लाठी से बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन तबतक बहुत देर हो चुकी थी।
परिवार ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। निरंजन सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से जर्जर तार बदलने और कवर वाले तार लगाने की मांग की थी। विभाग हर बार आश्वासन देता था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने घटना की पुष्टि की है एवं पुलिस द्वारा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है तथा मामले की जांच कर रही है।

