जमुई A1 : जमुई जिले के चकाई में देवघर बाबाधाम से पूजा कर लौट रही महिला कांवरिया के साथ कांवरिया सेवा शिविर में रेप की कोशिश की गई। पीड़ित महिला ने आरोपी को दांत काटकर भागकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही चकाई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला औरंगाबाद जिले की रहने वाली है। औरंगाबाद जिले के एक गांव से 60 कांवरियों की टोली एक सप्ताह पहले निकली थी। मंगलवार की रात सभी कांवरिया पूजा करके अपने घर लौट रहे थे। देर रात होने के कारण सभी कांवरिया जमुई जिले के चकाई प्रखंड स्थित अंबेडकर भवन में बनाए गए कांवरिया शिविर में रुके। कुछ महिलाएं शौच के लिए गई। इसी दौरान शराब के नशे में धुत एक बदमाश ने महिला कांवरिया से रेप करने का प्रयास किया। महिला ने शोर मचाया और आरोपी को दांत काटकर अपनी जान बचाई। शोर सुनकर आसपास मौजूद कांवरिया जमा हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जानकारी चकाई थाने की पुलिस को दी। चकाई थाने के अवर निरीक्षक राकेश कुमार अपने दल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

