जमुई A1: जमुई जिले के बीचकोड़वा थाना अंतर्गत शनिवार को रास्ते के विवाद में मारपीट हो गई। दबंग पड़ोसियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर 55 वर्षीय महिला आशा देवी का एक हाथ काट दिया, जबकि बेटी समेत चार लोगों को घायल कर दिया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से चकाई रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां आशा देवी की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया।
घटना में घायल गुड़िया कुमारी ने बताया कि उनके गोतिया दीनदयाल रविदास, रोहित रविदास और नंदकिशोर रविदास से रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। उन्होंने घर से निकलने के सभी रास्ते बंद कर दिए थे। धमकी दी थी कि अगर बाहर निकले तो जान से मार देंगे। शनिवार की सुबह जैसे ही आशा देवी बाहर निकलीं, दबंगों ने उन पर हमला बोल दिया। तेजधार कुल्हाड़ी से उनका हाथ काट दिया गया। जब गुड़िया और परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव को पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे सभी घायल हो गए।
घटना की सूचना पर बीचकोड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट की सूचना मिली है। घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है, दोषियों पर कार्रवाई होगी।

