जमुई A1 : जमुई जिला के खैरा प्रखंड अंतर्गत गरही थाना में एक ट्रक ड्राइवर ने थानाध्यक्ष पर मारपीट का आरोप लगाते हुए लगभग 20 मिनट तक सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम रहने के कारण जमुई-नवादा मुख्य मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों एवं स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हालांकि, थानाध्यक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि ड्राइवर मुख्य सड़क पर गिट्टी उतार रहा था और मना करने पर बदतमीजी कर रहा था।
पीड़ित ट्रक ड्राइवर की पहचान झाझा प्रखंड निवासी कुलदीप यादव के रूप में हुई है। कुलदीप ने बताया कि वह झारखंड के पाकुड़ से गिट्टी लेकर गरही निवासी भारत मोदी के यहां पहुंचा था। जब वह गिट्टी उतार रहा था, तभी गरही थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार वहां पहुंचे और चालान मांगा। ड्राइवर का आरोप है कि चालान दिखाने पर पुलिस ने गाली-गलौज की, पैसे मांगे और पैसे न देने पर मारपीट की, जिससे उसका एक हाथ टूट गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि वह गश्ती पर थे और देखा कि जमुई-नवादा मुख्य मार्ग पर भारत मोदी के घर के पास ट्रक बीच सड़क पर लगाकर गिट्टी उतारी जा रही थी। उन्होंने ड्राइवर को ट्रक किनारे कर गिट्टी उतारने को कहा, लेकिन ड्राइवर ने पुलिस के साथ बदतमीजी की। थानाध्यक्ष ने मारपीट और पैसे मांगने के आरोपों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया।

