जमुई A1 : बिहार में शराबबंदी के बावजूद जमुई जिले में शराब का काला धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन शराब बनाए और बेचे जाने की खबरें सामने आती रहती हैं।
जमुई पुलिस को खबर मिली थी कि बरहट थाना अंतर्गत कद्दुआ तरी गांव में देसी शराब बनाई और बेची जा रही है। जांच के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम जैसे ही गांव में पहुंची ग्रामीणों ने पुलिस टीम को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। साथ ही हथियार छीनने की भी कोशिश की गई।
इस दौरान भीड़ ने एक कॉन्स्टेबल को पकड़ लिया। भीड़ के आगे सिपाही बेबस दिखाई दिए। वो हाथ जोड़कर लोगों के आगे गिड़गिड़ाते नजर आए।
वहीं महिला SI उर्मिला कुमारी और SI शुभम झा को भी भीड़ ने घेर लिया। इस दौरान महिला SI रोती नजर आईं।
हमले में महिला SI उर्मिला कुमारी, SI शुभम झा समेत 6 से ज्यादा पुलिस वाले घायल हुए हैं। घटना शुक्रवार की है, इसका वीडियो आज शनिवार को सामने आया है।
पुलिस पर हमले के वीडियो में दिख रहा है कि महिला-पुरुष समेत 50 के लगभग ग्रामीणों ने पुलिस टीम को भगा-भगाकर लाठी-डंडे से पीटा।
इस बीच कुछ पुलिस कर्मी ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं एक सिपाही को एक युवक ने पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ वहां पहुंची और पुलिसकर्मी को डंडे से मारने लगे।
एक शख्स उनके सिर पर हमला करता है, दूसरा युवक उनका हथियार छीनने की कोशिश करता नजर आ रहा है। इस दौरान जवान हाथ जोड़े माफी मांगते नजर आ रहा है। वो हाथ जोड़कर बार-बार भीड़ से छोड़ देने की मिन्नतें कर रहा है। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से गाली-गलौज किया जाता है।
दरअसल, कद्दुआ तरी गांव एक आदिवासी बहुल गांव है। जब पुलिस रेड के लिए पहुंची, लोग करमा पर्व को लेकर पूजा-पाठ में जुटे हुए थे। इसी बीच माहौल बिगड़ गया और हमला हो गया।
ग्रामीणों ने बताया कि करमा पर्व के बाद वे लोग अपना डीजे लगाकर गाना-बजाना कर रहे थे। तभी शुक्रवार की शाम बरहट थाने की पुलिस शराब की सूचना पर कदुआतरी गांव पहुंची।
पुलिस टीम ने आदिवासी महिला और बच्चों के साथ मारपीट की। इसके बाद ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर पुलिस के साथ मारपीट की।
पुलिस टीम पर हमले के बाद बरहट थाने की पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ कदुआतरी गांव में छापेमाली अभियान चलाया। जहां से 13 लोगों को हिरासत में लिया गया और उसे थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।
जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण आक्रोशित हो गए और ढोल-नगाड़े और पारंपरिक हथियार के साथ बरहट थाने पहुंचकर घेराव करने के लिए जुट रहे थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया है।
बरहट थाना प्रभारी संजीव कुमार ने कहा, ‘वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही नामजद प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

