जमुई A1 : जमुई जिले में झाझा थाना क्षेत्र अंतर्गत परासी गांव में जमीनी विवाद में एक दंपती को दबंगों ने अमरूद के पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा। घटना शुक्रवार रात की है, जब अर्जुन रविदास एवं उसके एक दर्जन साथियों ने शंभू कुमार और उनकी पत्नी रंभा कुमारी पर हमला किया।
पीड़ित दंपती ने बताया कि आरोपी उनके घर का दरवाजा तोड़कर जबरन अंदर घुसे और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। जब उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें घसीटकर घर के बाहर ले जाकर अमरूद के पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उनकी इतनी बुरी तरह पिटाई की गई कि वे बेहोश हो गए। बेहोशी की हालत में दबंगों ने उन्हें मृत समझकर फरार हो गए। किसी तरह होश में आने और खुद को रस्सियों से छुड़ाने के बाद दंपति झाझा थाने पहुंचे और घटना की शिकायत दर्ज कराई।
झाझा थाना अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

