जमुई A1: जमुई जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत रविवार दोपहर मड़वा गांव में 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आकर एक 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक की पहचान मड़वा निवासी चरित्र पासवान का पुत्र आकाश कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल आकाश के बड़े भाई मंटू कुमार द्वारा बताया गया कि रविवार को आकाश खेत से मवेशियों के लिए चारा लेकर लौट रहा था। चारा सिर पर रखे हुए जैसे ही वह खेत से गुजरा, तभी वह नीचे लटक रहे हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। मंटू ने दावा किया कि एक सप्ताह पहले तेज आंधी के कारण गांव के खेतों में यह 11 हजार वोल्ट का तार नीचे झूलने लगा था। इसकी जानकारी बिजली विभाग को दी गई थी, वहीं, बिजली विभाग के SDO ने कहा कि उन्हें इस हादसे की कोई जानकारी नहीं मिली है।
ग्रामीणों ने इस घटना को बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही बताया और मांग की कि दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की जाए और गांव के सभी जर्जर व झूलते तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए।

