जमुई, बिहार – अलीगंज प्रखंड में तैनात राजस्व कर्मचारी धनराज सिंह को जमुई जिला पदाधिकारी श्री नवीन कुमार द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक गंभीर शिकायत के बाद की गई, जिसमें उन पर रिश्वत लेने का आरोप सिद्ध होता प्रतीत हुआ।
शिकायतकर्ता मुकेश कुमार, जो अलीगंज प्रखंड निवासी हैं, ने जिला प्रशासन को एक लिखित शिकायत साक्ष्यों सहित सौंपा। शिकायत के अनुसार, मुकेश कुमार अपनी निजी भूमि के दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन कार्य के लिए राजस्व कर्मचारी धनराज सिंह के पास गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री सिंह ने उक्त कार्य को पूरा करने के लिए 27,000 रुपये की मांग की। इस पर उन्होंने 17,000 रुपये की राशि उन्हें नकद रूप में दे दी।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि न तो संबंधित कार्य को पूरा किया गया और न ही दी गई राशि उन्हें वापस मिली। इसके साथ ही मुकेश कुमार ने अपने दावे के समर्थन में व्हाट्सएप चैट और बातचीत की वॉइस रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत की, जिसमें धनराज सिंह द्वारा रकम मांगने की बात स्पष्ट रूप से सामने आई है।
प्राप्त साक्ष्यों का संज्ञान लेते हुए जिला अधिकारी ने इसे गंभीर प्रशासनिक अनियमितता, अनुशासनहीनता और सरकारी सेवक के आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में मानते हुए निलंबन का निर्णय लिया। जिला प्रशासन ने इस संबंध में स्पष्ट किया है कि किसी भी सरकारी कर्मी द्वारा ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निलंबन आदेश के तहत राजस्व कर्मचारी धनराज सिंह को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पद से निलंबित कर दिया गया है, और निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय बरहट निर्धारित किया गया है।
jamui santosh

