जमुई, 15 अगस्त 2025 — स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जमुई मंडल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सौरभ कुमार ने एक अनोखी पहल करते हुए शहर के एक महादलित टोले में जाकर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय बच्चों और बुजुर्गों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियाँ बाँटी और मिठाइयों का वितरण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत 11 45 बजे हुई, जब एसडीओ सौरभ कुमार महादलित बस्ती में पहुँचे। वहाँ उपस्थित लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरे वातावरण में देशभक्ति का संचार हो गया।
एसडीओ सौरभ कुमार ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा कि आज़ादी की सही भावना तभी पूरी होती है जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुँचे। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि महादलित और वंचित समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ा जाए और उनके जीवनस्तर को बेहतर बनाया जाए।
इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को मिठाइयाँ और तिरंगा झंडा दिया। बुजुर्गों के बीच फल व मिठाई का वितरण भी किया गया। बच्चों में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद थे। इस आयोजन ने न सिर्फ राष्ट्रीय पर्व को खास बनाया, बल्कि सामाजिक समरसता और समावेशी विकास का संदेश भी दिया।
जमुई से संतोष सिंह की रिपोर्ट

