जमुई A1 : जमुई जिला प्रशासन द्वारा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) मैट्रिक बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्रों का विशेष सम्मान किया गया।
जमुई समाहरणालय के संवाद कक्ष में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद ने 16 प्रतिभाशाली छात्रों को सम्मानित किया।
मैट्रिक परीक्षा में राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले चकाई प्रखंड के सिमरिया गांव के रहने वाले सचिन राम और इंटर परीक्षा में चौथा स्थान हासिल करने वाली अनुप्रिया को विशेष सम्मान मिला। सभी मेधावी टॉपर्स को जिला प्रशासन के द्वारा प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, स्मार्ट वॉच और बैग प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रों की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने सचिन राम की विशेष प्रशंसा की, जिन्होंने दूरदराज के क्षेत्र से आकर यह सफलता हासिल की।
सिमुलतला आवासीय विद्यालय के दस छात्रों ने भी टॉप टेन में जगह बनाई। पुलिस अधीक्षक मदन कुमार आनंद ने छात्रों को आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनने का लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में डीडीसी सुभाष मंडल, जिला शिक्षा पदाधिकारी राकेश कुमार, शिक्षक तथा अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने छात्रों को भविष्य में और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

