
जमुई, 14 अगस्त 2025:
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जमुई जिला प्रशासन की ओर से एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के तमाम प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। यह यात्रा देशभक्ति की भावना को समर्पित रही और पूरे शहर में एक नया जोश और उमंग भर दिया।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत जिला समाहरणालय से हुई, जहाँ जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरभ कुमार, मद्य निषेध अधीक्षक श्री सुभाष पांडे, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दयाशंकर सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री अभिनव मिश्रा, और टाउन थाना अध्यक्ष श्री अमरेंद्र कुमार सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस तिरंगा यात्रा में एनसीसी और स्काउट गाइड के छात्र-छात्राएं विशेष रूप से शामिल हुए, जिन्होंने अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने तिरंगा हाथ में लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
यात्रा कचहरी चौक, पोस्ट ऑफिस रोड होते हुए श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम तक पहुंची, जहाँ इसका समापन हुआ।
नगरवासियों ने भी इस यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। आम लोगों ने अपने-अपने घरों और दुकानों पर तिरंगा लगाकर यात्रा का स्वागत किया और पूरे मार्ग में भारत माता की जयकारों से समर्थन दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही,
यह आयोजन न केवल स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देश के प्रति सम्मान और प्रेम को दर्शाने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं और बच्चों में राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूती प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।
जमुई से संतोष कुमार की रिपोर्ट

