
जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के बलियाडीह में दो समुदायों के बीच तनावपूर्ण स्थिति के बाद पुलिस प्रशासन ने मसौढ़ी चौक पर कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। इस घटनाक्रम के मद्देनजर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है।
जिला प्रशासन और पुलिस बल के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और किसी भी प्रकार की नई घटना की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उचित कदम उठाए। एसडीओ अभय कुमार तिवारी, सदर एसडीपीओ सतीश सुमन, हेडक्वार्टर डीएसपी आफताब अहमद, जमुई प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव कुमार, अंचलाधिकारी ललिता कुमारी, और पुलिस थाने के प्रमुख अधिकारी जैसे ताउं थाना अध्यक्ष अरुण कुमार और बरहट थाना अध्यक्ष संजीव कुमार की मौजूदगी में मसौढ़ी चौक के चारों ओर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस ने पूरे इलाके को अपनी निगरानी में लिया है ताकि शांति बनाए रखी जा सके और किसी भी प्रकार के उपद्रव की स्थिति पैदा न हो।
पुलिस की यह कार्रवाई झाझा के बलियाडीह में दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद की गई है, । घटना के बाद जिले में तनाव फैलने का खतरा हो सकता था लेकिन प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की सुरक्षा सुनिश्चित की। अधिकारियों का मानना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी अप्रत्याशित घटना से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है।
जमुई से संतोष की रिपोर्ट

