जमुई A1: जमुई जिला प्रशासन द्वारा चकाई विधानसभा क्षेत्र (243) के तहत निर्वाचन कार्य “आधार विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 अभियान” में लापरवाही बरतने पर प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, सोनो रंजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया है। यह आदेश उप समाहर्त्ता, भूमि सुधार-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, जमुई द्वारा जारी किया गया है।
उद्यान पदाधिकारी रंजन पर आरोप है कि सोनो प्रखंड अंतर्गत गंदर पंचायत के बूथ संख्या 142 से 149 के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया था, लेकिन उनके द्वारा अभी तक केवल गणना प्रपत्र ही ऑनलाइन किया गया है जबकि अन्य महत्वपूर्ण कार्य लंबित है। इतना ही नहीं, वो 2 जुलाई को हुई बैठक में देर से पहुंचे तथा 4 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक में गैरमौजूद रहे।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सोनो उद्यान पदाधिकारी रंजन को पहले ही पत्रांक 1040, दिनांक 02.07.2025 के माध्यम से चेतावनी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। इसलिए उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश अंचलाधिकारी, सोनो को दिया गया है। साथ ही आदेश दिया गया है कि प्राथमिकी दर्ज कर इसकी सूचना तुरंत जिला कार्यालय को दी जाए।
यह कार्रवाई प्रशासन की गंभीरता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही, यह चेतावनी भी है कि यदि किसी अधिकारी ने लापरवाही बरती तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी BLO, पर्यवेक्षक और संबंधित अधिकारीगण को यह आदेश चेतावनी स्वरूप भेजा गया है, ताकि वे समय पर और गंभीरता से कार्य पूरा करें।

