जमुई A1 : जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र के लखन-धनामा गांव में एक महिला का शव फंदे से झूलता मिला है। मृतका की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के लखन-धनामा ग्राम निवासी सुधीर यादव की 26 वर्षीय पत्नी शिवार्थी कुमारी के रूप में की गई है। मृतका के मायके वालों ने उसके पति, देवर, सास सहित ससुराल वालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका की सास भिखारी देवी को गिरफ्तार भी कर पूरे मामले की छानबीन में जुट गई।
मृतका के ससुराल वालों द्वारा बताया गया है कि बुधवार को महिला और उसके पति सुधीर यादव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मृतका के भाई शेखपुरा जिले के एकसारी बीघा ग्राम निवासी मधेश कुमार यादव ने बताया कि 2021 में उसने अपनी बहन शिवार्थी कुमारी की शादी जमुई जिले के लखन-धनामा ग्राम निवासी महेंद्र यादव के बेटे सुधीर कुमार यादव के साथ की थी। शादी के बाद से ही वे लोग दहेज की मांग को लेकर लगातार उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। मृतका के पति सुधीर यादव, भैंसुर बबलू यादव, देवर, सास भिखारी देवी पर हत्या का आरोप लगाते हुए टाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसके आधार पर टाउन थाने की पुलिस ने मृतका के सास को गिरफ्तार कर लिया है।
इस पुरे मामले को लेकर टाउन थाना अध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा कि आवेदन दिया गया है। इसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मृतका के सास को गिरफ्तार किया गया है। जबकि पूरे मामले की जांच करते हुए अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

