जमुई A1 : जमुई के गिद्धौर में एक पूर्व मंत्री एवं झाझा विधायक दामोदर रावत के भतीजे की पत्नी की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़ आया है। मृतका के पति ने अपनी पत्नी की मौत की खबर सुनकर वापस लौटे नवीन कुमार ने गिद्धौर थाना में आवेदन देकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है।
मृतका की पहचान नवीन कुमार की पत्नी 48 वर्षीय सुमित्रा देवी के रूप में हुई है। घटना के समय मृतका के पति नवीन कुमार दिल्ली में थे। वो माता वैष्णो देवी के पूजा कर के लौटे थे।
घटना के संबंध में सदर एसडीपीओ सतीश सुमन ने मीडिया से वीडियो साझा कर बताया कि गुरुवार 20 मार्च को सुमित्रा देवी की मृत्यु संदिग्ध परिस्थिति में होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की।
इस दौरान FSL की टीम और जिला पुलिस की तकनीकी टीम की सहायता से तकनीकी साक्ष्य को एकत्रित किया गया। मृतका के पति नवीन कुमार के आवेदन पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।
मृतका के पति नवीन कुमार ने बताया कि कमरे में पत्नी की डेड बॉडी मिलने की सूचना मिली थी। मैं माता वैष्णो देवी का पूजा करने गया था, दिल्ली पहुंचते ही घटना की जानकारी मिली। थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ आवेदन दिया हैं।
उन्होंने बताया कि मेरी पत्नी आत्महत्या नहीं की है, यह हत्या है। घटना के समय घर में कोई नहीं था, एक नौकर था जो बेटा सामान है। उसने ही मुझे फोन कर बताया कि आंटी गिरी हुई है। उन्होंने बताया कि देखने से तो ऐसा लग रहा है कि यह पूरा प्लानिंग के साथ मर्डर है। मेरा किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।
बता दें कि नवीन कुमार झाझा के जदयू विधायक दामोदर रावत के भतीजे हैं। गिद्धौर में एक ही परिसर में विधायक और उनके भतीजे का अलग-अलग आवास है। हत्या के इस मामले में पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार के दिन में लगभग 10 बजे गिद्धौर स्थित घर के एक कमरे में सुमित्रा देवी का बेड के बगल में फर्श पर शव पड़ा हुआ था, जिसकी जानकारी लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। इसके बाद नौकर द्वारा सुमित्रा देवी की मौत की खबर उसके पति नवीन कुमार को दी गयी।
इस मामले गुरुवार को मृतका के भाई आशीष कुमार ने वीडियो जारी किया था। उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर गला घोंट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतका के भाई आयुष कुमार ने बताया कि नवीन रावत के चाचा पूर्व मंत्री हैं और वर्तमान में झाझा विधायक हैं।

