जमुई A1 : जमुई में तांती समाज के लोगों ने सोमवार को जमुई-खैरा मुख्यमार्ग पर आयोजित बैठक में सभी राजनीतिक दलों से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। यह कार्यवाही पान समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर आई०पी० गुप्ता के आह्वान पर की गई। यह बिहार में चल रहे राज्यव्यापी कार्यक्रम का हिस्सा है।
इस्तीफा देने वालों में प्रमुख नेता : कांग्रेस से परशुराम तांती (कार्यकारी जिला अध्यक्ष) और मिथलेश तांती (कार्यकारी युवा जिला अध्यक्ष) ने इस्तीफा दिया। लोजपा से आनंदी तांती (पूर्व जिला उपाध्यक्ष) और बीजेपी से विजय तांती (बुनकर प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष) ने पद छोड़ा। इनके अलावा कांग्रेस के जय प्रकाश तांती (लक्ष्मीपुर प्रखंड अध्यक्ष) और अशोक प्रसाद तांती (गिद्धौर प्रखंड अध्यक्ष) भी शामिल हैं। जेडीयू से श्रीकांत तांती और पूर्व मुखिया महेश तांती ने भी इस्तीफा दिया। राजद से महेश कुमार तांती, पूर्व उप प्रमुख शंभू तांती और सुजीत तांती ने पद छोड़े। बीजेपी से गिरीश तांती और रामानंद तांती समेत सैकड़ों नेताओं ने अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। जिले में तांती समाज के दर्जनों लोगों ने अपने अधिकारों के लिए नई दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
बता दें कि पिछले 9 वर्ष से बिहार में तांती समाज के लोगों को एससी वर्ग में शामिल किया गया था। लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें इस श्रेणी से बाहर कर दिया। इसके बाद बिहार के सभी जिलों में पान समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर आई पी गुप्ता के नेतृत्व में जन सभाओं का आयोजन किया गया। साथ ही, हेलिकॉप्टर यात्रा के माध्यम से तांती समाज के लोगों को इंजीनियर आई पी गुप्ता ने जागरूक किया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य तांती समाज के लोगों को उनके सामाजिक और राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे अपनी पहचान और अधिकारों के लिए एक मजबूत आवाज उठा सकें ।

