
जमुई जिले के लिए आज का दिन गर्व से भर गया जब यूपीएससी 2024 के परिणाम में जिले की बेटी संस्कृति त्रिवेदी ने 17वीं रैंक हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस अभूतपूर्व सफलता ने न सिर्फ जमुई को देशभर में गौरवान्वित किया है, बल्कि यह युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
संस्कृति त्रिवेदी के पिता आनंद प्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही है और उसने कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। वहीं उनके चाचा डॉ. मिथिलेश त्रिवेदी ने कहा कि संस्कृति बचपन से ही बहुत होनहार और लग्नशील रही है। उसने कभी भी पढ़ाई में समझौता नहीं किया और हमेशा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रही।
संस्कृति की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जमुई जिले के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस सफलता पर जिले के लोगों में खुशी की लहर है। सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने भी संस्कृति को बधाइयाँ दी हैं।
संस्कृति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया है। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय और कठिन परिश्रम से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
अगली खबर में जानिए—संस्कृति त्रिवेदी की तैयारी से जुड़ी खास बातें और उनकी रणनीति।
जमुई से संतोष

