रविवार की शाम जमुई के मसौढ़ी चौक पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जब सदर एसडीओ सौरभ कुमार स्वयं ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करते नजर आए। नवरात्रि के मौके पर बढ़ती भीड़ और यातायात की अव्यवस्था को देखते हुए उन्होंने खुद सड़क पर उतरकर व्यवस्था की कमान संभाली और लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की हिदायत दी।
एसडीओ ने मौके पर मौजूद लोगों और मीडिया को जानकारी दी कि सोमवार, सप्तमी से जिले में नया यातायात रूट प्लान लागू किया जा रहा है। इसके तहत शहर की ओर आने वाली सभी भारी गाड़ियों पर पूरी तरह से रोक रहेगी। यह कदम पूजा के दौरान शहर में सुगम यातायात बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी चौराहे या मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जा रही है। स्वयं सड़क पर उतर कर व्यवस्था का जायजा लेने से यह साफ संदेश गया कि प्रशासन इस बार पूरी तरह मुस्तैद है।
सौरभ कुमार ने आम लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से दुर्गा पूजा का आनंदले सकें।

