जमुई A1 : जमुई जिले के चकाई प्रखंड के चिहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बोगी पंचायत में बुधवार की देर रात पूर्व मुखिया कृष्णा मंडल के घर पर 8-10 अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। आधी रात के करीब हुए इस हमले में बदमाशों ने पहले मुखिया के घर के बाहर खड़ी कार में आग लगाई और फिर पास की सीमेंट की दुकान को भी पेट्रोल छिड़ककर जला दिया। घटना के समय पूर्व मुखिया अपने परिवार के साथ सो रहे थे।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह हमला नक्सलियों द्वारा किया गया है, क्योंकि बोगी पंचायत का पूरा इलाका नक्सल प्रभावित माना जाता है। इस हमले में पूर्व मुखिया को लगभग 6 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। चिहरा थाने की पुलिस को घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह 8 बजे टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। स्थानीय लोग डर के मारे खुलकर कुछ बोलने से कतरा रहे हैं, लेकिन उनका मानना है कि इस तरह की घटना नक्सलियों के अलावा कोई और नहीं कर सकता।

