जमुई A1: जिला मुख्यालय, जमुई स्थित मत्स्य कार्यालय में शुक्रवार सुबह 11 बजे निगरानी विभाग की टीम ने 2 सरकारी कर्मियों को रंगेहाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार मत्स्य कार्यालय कर्मियों में मत्स्य विकास पदाधिकारी, राजीव कुमार एवं जिला प्रसार पदाधिकारी, अभय कुमार शामिल है। दोनों पर मछली पालन योजना के अंतर्गत लाभुक से 50 हजार रूपये की रिश्वत लेने का आरोप है।
बता दें कि सोनो प्रखंड के भेलवा मोहनपुर गांव निवासी तुलसी यादव ने निगरानी विभाग से शिकायत किया था कि सरकार द्वारा उसके खाते में भेजी गई अनुदान राशि में से 1.5 लाख रुपए की मांग की जा रही है। शिकायत की सत्यता की जांच के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया और दोनों अधिकारियों को 50 हजार रुपए की घूस लेते रंगेहाथ पकड़ लिया।
निगरानी टीम ने दोनों आरोपितों को तत्काल हिरासत में ले लिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें पटना ले जाया जाएगा। इस कार्रवाई से सरकारी महकमे में हलचल मच गई है। निगरानी विभाग की इस छापेमारी को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त कदम माना जा रहा है।

