जमुई A1 : जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत गौरा पंचायत में मनरेगा योजना में वित्तीय वर्ष 2024-25 में बिना काम कराये ही लाखों रुपए की निकासी कर ली गई।
बताया जा रहा है कि हथियावर गांव में ठकुराइन आहर के बांध की मरम्मत के नाम पर 6 लाख रुपए एवं ककनी पईन की खुदाई व जीर्णोद्धार के लिए 8 लाख रुपए निकाल लिए गए, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ।
RTI कार्यकर्ता कुंदन कुमार ने बताया कि पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से इस मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीण संतोष कुमार के अनुसार, सहुआ आहार से रंगों आहार तक पाइन की मरम्मत का काम भी नहीं हुआ, जबकि 12 लाख की योजना में से 8 लाख रुपए निकाल लिए गए।
प्रभारी DDC, बीरेंद्र कुमार ने मनरेगा के PO को विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्य की शुरुआत, निर्माण के दौरान और वर्तमान स्थिति की तस्वीरों के साथ एक विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

