जमुई जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान की बात है कि जिला पदाधिकारी श्री नवीन (भाoप्रoसेo) को भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में राज्यस्तरीय “बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड–2025” से सम्मानित किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस, 25 जनवरी 2026 को पटना स्थित अधिवेशन भवन, सिंचाई भवन परिसर में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा। यह अवार्ड निर्वाचन प्रक्रियाओं के कुशल प्रबंधन, नवाचार और पारदर्शिता के लिए दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी श्री नवीन को यह सम्मान उनके नेतृत्व में जमुई जिले में संपन्न कराए गए निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित चुनावी प्रक्रिया के लिए दिया जा रहा है। चुनाव जैसे संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण दायित्व में उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रशासनिक दक्षता का उत्कृष्ट परिचय दिया। उनके मार्गदर्शन में जिले ने निर्वाचन प्रबंधन के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाई है।
चुनावों के दौरान जिलाधिकारी श्री नवीन द्वारा आईटी आधारित पहल, जैसे डिजिटल मॉनिटरिंग, मतदान प्रतिशत की रियल टाइम निगरानी, सूचनाओं का त्वरित संप्रेषण और तकनीक के प्रभावी उपयोग ने निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया। इसके साथ ही सुरक्षा प्रबंधन, संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी, अर्द्धसैनिक बलों की समुचित तैनाती और कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ व्यवस्था ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में अहम भूमिका निभाई।
मतदाता जागरूकता अभियान के क्षेत्र में भी जमुई जिला उल्लेखनीय रहा। स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के तहत युवाओं, महिलाओं, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए विशेष अभियान चलाए गए। नुक्कड़ नाटक, रैली, शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम और सोशल मीडिया के माध्यम से मतदाताओं को जोड़ने का सफल प्रयास किया गया, जिसके सकारात्मक परिणाम मतदान प्रतिशत में भी देखने को मिले।
बिहार सरकार एवं निर्वाचन विभाग द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री नवीन को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत कार्यों की सराहना है, बल्कि पूरे जमुई जिला प्रशासन की सामूहिक मेहनत और प्रतिबद्धता का प्रमाण भी है।
इसके साथ ही जिले के चकाई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार को भी निर्वाचन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह उपलब्धि दर्शाती है कि जमुई जिले के अधिकारी चुनावी दायित्वों के निर्वहन में राज्य स्तर पर मिसाल कायम कर रहे हैं।
कुल मिलाकर, “बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस अवार्ड–2025” का यह सम्मान जमुई जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो आने वाले समय में प्रशासन को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा तथा लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
जमुई संतोष

