शुक्रवार रात जमुई के नीमारंग मोहल्ले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए उपद्रव के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। घटना के बाद से ही जमुई पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है ताकि किसी भी प्रकार की दोबारा गड़बड़ी को रोका जा सके।
शनिवार को टाउन थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वे लगातार इलाके की निगरानी कर रहे हैं और पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। अमरेंद्र कुमार ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारियां भी जुटाई। उन्होंने साफ संकेत दिया कि अगली कार्रवाई को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है।
प्रशासन की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। इसी के तहत दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, और घटनास्थल से जब्त मोटरसाइकिलों की भी जांच जारी है।
जमुई पुलिस द्वारा की जा रही सतत गश्ती और निगरानी से क्षेत्र में लोगों को एक हद तक राहत मिली है। स्थानीय लोग भी अब सामान्य स्थिति की ओर लौट रहे हैं, लेकिन पुलिस किसी भी लापरवाही से बचना चाहती है। पूरे क्षेत्र में अब सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है, और अधिकारी खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन का कहना है कि सांप्रदायिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोपरि है और इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

जमुई से संतोष कुमार की रिपोर्ट

