जमुई A1 : जमुई जिले मलयपुर थाना अंतर्गत शानिवार को पतौना-दौलतपुर घाट पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई। अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी करने गयी मलयपुर थाना की पुलिस पर खनन माफियाओं ने हमला बोल दिया, जिसके बाद पुलिस की तरफ से भी गोली चलायी गयी।
मिली जानकारी के अनुसार, खनन माफिया ने जब अवैध खनन के खिलाफ पुलिस को एक्शन में देखा तो अचानक अवैध हथियार से फायरिंग शुरू कर दी। लगभग 8-10 राउंड फायरिंग किए जाने की सूचना है। खनन माफिया के द्वारा जब फायर शुरू किया गया तो पुलिसबल हैरान रह गए। पुलिसबल ने भी तुरंत ही मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा मे 05 राउंड फायर किया। इस दौरान पुलिस ने अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे ट्रैक्टर को भी जप्त कर लिया।
इस मुठभेड़ के बाद अब स्थिति नियंत्रण में एवं शांतिपूर्ण है। जमुई के सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन के नेतृत्व में मलयपुर थाना के द्वारा खनन माफिया के विरुद्ध छापामारी की जा रही है।
छापामारी में शामिल थानाध्यक्ष विकाश कुमार, अपर थानाध्यक्ष मलयपुर महेश प्रसाद सिंह, एसआई पंकज कुमार, एसआई धर्मेन्द्र कुमार, एएसआई प्रेमरंजन राय एवं मलयपुर थाना के पुलिस बल मौके पर मौजूद थे।

